
मोगा/निहाल सिंह वाला/बिलासपुर (ग्रोवर/जगसीर/बावा/गुप्ता/रोशी): पंजाब सरकार की ओर से विकास की रफ्तार को और तेज करते हुए प्रदेश के 13 हजार के करीब गांवों को छूती लिंक सड़कों की मुरम्मत पर आगामी 3 सालों में विशेष योजना के अधीन 1700 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके लिए पंजाब सरकार ने पैसे का प्रबंध कर लिया है। उक्त शब्दों का प्रकटावा पंजाब के उपमुख्यमंत्री तथा शिअद के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मंडी निहाल सिंह वाला में पूर्व विधायक अजीत सिंह शांत की अकाली दल में आमद को मुख्य रखते गुए करवाई रैली को संबोधित करते हुए किया।
अजीत सिंह शांत को लोकसभा हलका फरीदकोट से उम्मीदवार घोषित किए जाने संबंधी उन्होंने कोई भी प्रतिक्रिया करने से इंकार करते हुए कहा कि वह उम्मीदवार वाली पिटारी लोकसभा चुनाव के नजदीक ही खोलेंगे। जत्थेदार तोता सिंह पूर्व मंत्री ने हलका निहाल सिंह वाला में करवाए विकास कार्यों संबंधी अवगत करवाते हुए उपमुख्यमंत्री से हलके समेत मोगा जिले की तरफ ध्यान देने की मांग की।
इस अवसर पर विधायक बीबी राजविंद्र कौर भागीके, विधायक महेशइंद्र सिंह, पूर्व विधायक अजीत सिंह शांत, सीनियर अकाली नेता हरिन्द्र सिंह रनियां तथा गुरमेल सिंह संगतपुरा ने भी संबोधित किया। इस दौरान पार्टी के मुख्य प्रवक्ता निधड़क सिंह बराड़, यूथ विंग के जिला प्रधान वीरपाल सिंह समालसर, राज्य सभा मैंबर बलविन्द्र सिंह भूंदड़, दविन्द्र रनियां, रणविन्द्र सिंह पप्पू रामूवाला आदि मौजूद थे।
