
कुल्लू। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुल्लू के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ढालपुर (छात्र) में मौलिक कर्तव्यों के प्रति शिक्षकों को जागरूक करने के उद्देश्य से दो दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम और दूसरे दिन शुक्रवार को शिविर की अध्यक्षता करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति पुरेंद्र वैद्य ने बताया कि भारतीय संविधान में देश के प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार दिया गया है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह संविधान के आदर्शों का पालन करें और संविधान की ओर से स्थापित संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने शिक्षकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों को सामाजिक अधिकारों के साथ-साथ उन्हें सामाजिक कर्तव्यों के बारे में भी शिक्षित करने का प्रयास करें। शिविर में 213 स्कूलों के अध्यापकों ने भाग लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुल्लू वरिंद्र ठाकुर, सीजीएम लाहौल-स्पीति रंजीत सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता बीसी ठाकुर, नरेश सूद, एसआर दीपक तथा राजेंद्र ठाकुर ने भी भारतीय संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
