संदिग्ध हालात में टोलकर्मी की मौत

नई दिल्ली। अलीपुर इलाके में एक टोल कर्मचारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव ट्यूबवेल के पास एक पानी की टंकी (हौज) में मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात लगभग बारह बजे पुलिस को सूचना मिली कि, सिंघु गांव स्थित पानी की टंकी में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि, युवक हौज में औंधे मुंह पड़ा है। उसके शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान सोनीपत गोहाना निवासी रविंद्र (22) के रूप में हुई। वह सिंघु बार्डर के टोल पर कार्यरत था। जांच के बाद पुलिस ने आशंका जताई है कि नहाने के दौरान उसे करंट लगी होगी या फिर नशे की वजह से वह हौज में गिर गया होगा। हालांकि पुलिस ने हत्या से भी इंकार नहीं किया है।

Related posts