
नादौन (हमीरपुर)। सिद्धार्थ डिग्री कॉलेज के समीप जलाड़ी-भरमोटी संपर्क मार्ग पर एक वृद्धा का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस संबंध में केस भी दर्ज कर लिया है। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जैसे ही हरमंदिर गांव के लोग सैर करने निकले तो उन्होंने डिग्री कॉलेज के समीप सड़क के बीच एक वृद्ध महिला का शव दिखा। लोगों ने इसकी जानकारी जलाड़ी पंचायत प्रधान दिलबाग ठाकुर को दी। ठाकुर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार महिला के माथे से सिर तक लगभग 20 टांके लगे हैं जो अभी तक खोले नहीं गए हैं। मृतका के बाएं हाथ पर भी टांके लगे हैं। हैरानी की बात तो यह है कि मौके पर खून का एक कतरा तक नहीं है और न ही उसके कपड़ों पर कहीं खून का कोई निशान।
उधर, एसपी बीएम शर्मा ने पुष्टि करते बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
