संक्रमण फैलने का खतरा

भरमौर चंबा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरमौर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। इसके कारण लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति काफी रोष पनप गया है। आलम यह है कि अस्पताल में मरीजो के लिए लगाए गए बिस्तरों की हालत इतनी गंदी है कि ग्रामीण मरीजों को लिटाने से कतराने लगे हैं। कई दिनों तक बिस्तरों की बैडशीट को न तो बदला जाता है और न ही इनकी सफाई की जाती है। इसके चलते ईलाज करवाने आ रहे मरीजो को संक्रमण होने का डर सताने लगा है। स्थानीय निवासी डा. अमित ठाकुर ने बताया कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर जल्द वह स्वास्थ्य सचिव, जिला स्वास्थ्य अधिकारी व निदेशक समेत एसडीएम भरमौर को पत्र लिखेंगे। उन्होंने बताया कि आरटीआई के तहत प्राप्त सूचना के मुताबिक चालू वित्त वर्ष में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सफाई व्यवस्था के लिए दो लाख 40 हजार रुपये के बजट का प्रावधान है। इसके अलावा 85 हजार रुपये बिस्तर की साफ-सफाई के लिए हैं । खेद है कि इसके बावजूद भी सफाई व्यवस्था की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि करीब 50 हजार आबादी वाले इस अस्पताल में दूरदराज के गावों से मरीज इलाज करवाने पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल में गंदगी का आलम ऐसा है कि यहां पर मरीज ठीक होने की बजाय अधिक बीमार हो सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सीएचसी में सफाई व्यवस्था सुधारी जाए। उन्होंने बताया कि वह इस मामले को लेकर जल्द विभाग के उच्चाधिकारियों को भी पत्र लिखेंगे।

Related posts