श्रीखंड यात्रा के लिए अंतिम जत्था रवाना

आनी (कुल्लू)। ऐतिहासिक श्रीखंड यात्रा के लिए मंगलवार को अंतिम जत्था रवाना हो गया। इसके बाद सरकारी तौर पर इस यात्रा पर रोक लग गई। हालांकि , पुलिस का दल अंतिम जत्था आने तक विभिन्न क्षेत्रों में तैनात रहेगा। 18,576 फुट पर स्थित श्रीखंड महादेव की इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कहीं आक्सीजन की कमी का सामना करना पड़ता है तो कहीं भारी हिम खंडों के ऊपर से पैदल चलकर रास्ता पार करना पड़ता है। इसके बाद भी सैकड़ों श्रद्धालु हर साल श्रीखंड की यात्रा करते हैं।
डीएसपी आनी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि इस यात्रा में पुलिस ने करीब 45 जवान तैनात किए हैं जो अंतिम जत्थे का वापस आने का इंतजार करेंगे। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता ने बताया कि प्रशासनिक तौर पर यात्रा की अवधि 16 से 23 जुलाई तक थी इसलिए प्रशासन द्वारा गठित समिति तथा सुरक्षा की जो अन्य सुविधा मुहैया करवाई जा रही थीं, मंगलवार से हटा दी गई हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 2,660 यात्री श्रीखंड यात्रा के लिए गए हैं।

पिछले तीन साल में 11 लोगों की गई जान
आनी (कुल्लू)। पिछले तीन साल में ऐतिहासिक श्रीखंड यात्रा में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। इसमें सबसे अधिक लोग आक्सीजन की कमी के चलते मारे गए हैं लेकिन इतने लोगों की मौत होने के बाद भी यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में किसी प्रकार की कमी नहीं आई है। इस साल भी यात्रा में 3,727 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसमें से तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। डीएसपी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि 2010 में दो, 2011 में तीन , 2012 में तीन और इस वर्ष भी तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है।

Related posts