श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी पलटी

अंब (ऊना)। क्षेत्र के दोसड़का में शुक्रवार मध्य रात पेश आए सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को हादसे के फौरन बाद अंब स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक श्रद्धालु की हालत अधिक नाजुक होने के चलते उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज करते हुए छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अंब नादौन मार्ग पर स्थित दोसड़का में शुक्रवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी टैंपो ट्रेवलर गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी श्रद्धालु पंजाब के बटाला निवासी हैं, जो मैड़ी में माथा टेकने के बाद वापस घर लौट रहे थे। गाड़ी के पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य आरंभ किया और एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अंब अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल मलकीयत सिंह पुत्र दलीप सिंह, बूटा सिंह, सर्वदेव सिंह, शमनजीत सिंह, कर्ण सिंह सभी बटाला जिला गुरदासपुर के रहने वाले हैं। घायलों में बूटा सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया। मामले कि पुष्टि करते हुए अंब थाने के ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Related posts