श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी खाई में गिरी

ऊना। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के पास वीरवार मध्य रात्रि सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा श्रद्धालुओं से भरी पॉजेरो गाड़ी के खाई में गिरने से हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया, जबकि लोगों की मदद से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। जबकि गंभीर रूप से घायल छह लोगों को उपचार दिया जा रहा है। गाड़ी में सवार सभी लोग पंजाब के नवांशहर जिले के बलाचौर के रहने वाले हैं, जो पीरनिगाह से माथा टेककर वापस लौट रहे थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीरनिगाह से लौट रहे श्रद्धालुओं की पॉजेरो गाड़ी पीरनिगाह के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिसके चलते गाड़ी में सवार श्रद्धालुओं पवन कुमार पुत्र सोमनाथ निवासी जीतपुर भद्दी बलाचौर और मेहर चंद पुत्र छोटू राम निवासी शहजादपुर (बलाचौर) की मौके पर ही मौत हो गई। छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में महेंद्र पाल पुत्र कर्म चंद, हेमराज पुत्र भगत राम, नरेंद्र कुमार पुत्र कृष्ण चंद्र, कमलजीत पुत्र रामनाथ, तिलक राज पुत्र रामनाथ और देसराज पुत्र तुलसी राम सभी निवासी जीतपुर भद्दी बलाचौर जिला नवांशहर पंजाब शामिल हैं। जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार दिया जा रहा है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिए हैं। जबकि घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है।

Related posts