श्रद्धालुओं और होमगार्डों में मारपीट

भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं और सिक्योरिटी गार्डों में जमकर मारपीट हो गई। वारदात में श्रद्धालुओं ने डंडो एवं लोहे की प्लेटों का प्रयोग किया। जिसमें एक होमगार्ड को चोटें आई हैं। हालांकि, अभी तक श्रद्धालुओं के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह तकरीबन सवा नौ बजे वापसी द्वार पर कुछ श्रद्धालु बैक डोर एंट्री से मंदिर में प्रवेश करने का प्रयास करने लगे तो उन्हें जवानों ने रोक दिया। जिससे श्रद्धालुओं और होमगार्ड जवानों में मामूली सी कहासुनी हो गई। कुछ ही देर बाद एक अन्य श्रद्धालुओं के जत्थे को सिक्योरिटी के जवानों ने भवन में भेज दिया। जिस पर रोके गए श्रद्धालुओं और जवानों की तीखी नोक-झोंक हो गई, जो बाद में मारपीट में तबदील हो गई। श्रद्धालु ने ड्यूटी पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड की लोहे की प्लेटों के साथ खूब पिटाई की तथा एक महिला श्रद्धालु ने माता के डंडे के साथ एक अन्य व्यक्ति को पीट डाला। इस दौरान माहौल काफी बिगड़ गया और कोई भी होमगार्ड और पुलिस प्रशासन इन श्रद्धालुओं को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाया। ये श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने मामले की पुष्टि कर दी है। उन्होंने माना कि ड्यूटी पर तैनात सिक्योरटी गार्डों के साथ नोक-झोंक हुई है। सिक्योरिटी गार्डों की तरफ से शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। मामले की छानबीन वापसी द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देख कर की जाएगी।

Related posts