शोंगटोंग प्रोजेक्ट की एडिट का काम बंद

रिकांगपिओ (किन्नौर)। मांगों को लेकर बार-बार मिल रहे आश्वासनों से तंग जिले की बारंग पंचायत के लोगों का गुस्सा आखिरकार प्रोजेक्ट प्रबंधन के खिलाफ फूट ही गया। सोमवार को सैकड़ों की तादाद में एकत्र ग्रामीणों ने शोंगटोंग परियोजना स्थल पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और एडिट टनल-दो का कार्य बंद करवा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक वे काम शुरू नहीं होने देंगे। प्रभावितों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन मांगों को लेकर उनको बार-बार आश्वासन दे रहा है, जबकि हकीकत में कुछ नहीं किया जा रहा है। यह ग्रामीणों के साथ सीधे तौर पर अन्याय है। पंचायत प्रधान शशि नेगी ने कहा कि ग्रामीण प्रबंधन की मनमानी को बर्दाश्त नहीं करेंगे और जब तक उनको हक नहीं मिला, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। अभी ग्रामीणों ने परियोजना की दो नंबर एडिट का काम बंद करवाया है और भविष्य में लोग पूरे प्रोजेक्ट का काम बंद करवा देंगे। उन्होंने कहा कि एचपीपीसीएल पंचायत के साथ हुए समझौते के मुताबिक मांगों पर अमलीजामा पहनाएं। समझौते को दरकिनार किए बगैर काम होने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लगातार परियोजना स्थल पर धरना देते रहेंगे और जबरन कार्य शुरू किया गया तो प्रबंधन के खिलाफ कठोर कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रबंधन न तो स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार दे रहा है और न ही अन्य मांगें पूरी की गई।

Related posts