
पलचान (कुल्लू)। वर्ष 2014 में होने वाले शीतकालीन ओलंपिक के लिए मनाली के तीन खिलाड़ियों ने क्वालीफाई किया है। क्रास कंट्री में एक सेना के खिलाड़ी ने एंट्री मारी है। शीतकालीन ओलंपिक को अभी तक भारतीय दल के चार खिलाड़ी क्वालीफाई कर चुके हैं। मनाली के स्कीयर हीरालाल ठाकुर तथा हिमांशु ठाकुर सलालम, जबकि ल्यूज स्पर्धा में मनाली के शिवा केशवन दावेदारी पेश करेंगे। क्रास कंट्री में सेना के नदीम इकबाल अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। शीतकालीन ओलंपिक के लिए इन दिनों तुर्की में क्वालीफाई मुकाबले चल रहे हैं। विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव रूप चंद नेगी ने कहा कि शीतकालीन ओलंपिक में भारतीय दल में मनाली के तीन खिलाड़ी चुने गए हैं। हिमांशु ठाकुर कुल्लू के एक निजी स्कूल में जमा दो छात्र हैं। इससे पूर्व वह न्यूजीलैंड और आस्ट्रिया में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। मनाली के बुरूआ निवासी हीरालाल ठाकुर (36) 2006 की शीतकालीन ओलंपिक में भाग ले चुके हैं।
