
ऊना। गर्भवती महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। अगर इनकी समय से पूर्व डिलीवरी होती है और शिशु को उपचार की जरूरत है, तो आनन-फानन में चंडीगढ़ या बाहरी अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। क्षेत्रीय अस्पताल में शिशुओं के लिए विशेष वार्ड तैयार हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाखों रुपये की मशीनरी क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पहुंचा दी गई है। इसे जल्द ही कंपनी के इंजीनियरों की ओर से स्थापित कर सिक न्यू बॉर्न केयर यूनिट (एसएनबीसीयू) को तैयार कर इस मास्टर प्लान को क्रियान्वित किया जाएगा। प्री-मेच्योर डिलीवरी के चलते पैदा होने वाले शिशुओं के टेंपरेचर को मेंटेन करने के लिए बेहद संवेदनशील उपचार की आवश्यकता पड़ती है।
हाल फिलहाल कई अभिभावकों को ऐसी स्थिति में उपचार के लिए चंडीगढ़ या नंगल भागना पड़ता है, लेकिन जल्द ही यह सुविधा अब क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मिल जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से 12 बिस्तरों का एक विशेष यूनिट तैयार करने का मास्टर प्लान बनाया गया है।
सीएमओ ऊना डा. जीआर कौशल ने बताया कि विभाग के विशेषज्ञों से सलाह मशविरा करने के बाद इस यूनिट को पूरी तरह तैयार किया जा रहा है। इससे जिले में प्री-मेच्योर बच्चों को सघन उपचार देने की सुविधा क्षेत्रीय अस्पताल में उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एसएनबीसीयू को तैयार कर क्रियान्वित कर दिया जाएगा।
