
कुल्लू। करीब दो माह से बंद औट-लुहरी मार्ग जलोड़ी दर्रा शिवरात्रि पर्व के लिए बहाल होने की उम्मीद है। हालांकि, इसको लेकर आउटर सराज के लोगों ने लोनिवि तथा जिला प्रशासन से शिवरात्रि पर्व तक मार्ग को बहाल करने की मांग की है। लोनिवि विभाग आनी तथा बंजार भले ही दर्रा बहाल करने में जुटा हो, लेकिन कछुआ गति तथा लेटलतीफी से हो रहे काम से लोगों में भारी रोष है। बंजार की ओर से विभाग की मशीनरी अभी सोझा से आगे नहीं बढ़ पाई है। जबकि, आनी की ओर से मार्ग माशनूनाला तक ही बहाल हो पाया है। विभाग को दोनों ओर से अभी आठ किलोमीटर से बर्फ हटानी शेष है। दर्रा पर करीब आठ फुट बर्फ की मोटी परत होने तथा धूप न लगने की वजह से लोनिवि के मजदूरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके, डीसी कुल्लू राकेेश कंवर ने लोनिवि को शिवरात्रि से पहलेदर्रा खोलने के निर्देश दिए हैं। आउटर सराज में शिवरात्रि पर्व को अनोखे तथा पारंपरिक तरीके से मनाया जाता है। यहां उत्सव मनाने का तरीका न केवल जिला कुल्लू में निराला है, बल्कि पूरे प्रदेश में अलग पहचान है। ऐसे में पर्व में शरीक होने के लिए यहां के लोग दूरदराज के क्षत्रों से भी पहुंचते हैं। जिला मुख्यालय सहित बंजार और मनाली सहित अन्य क्षेत्रों में कार्यरत सरकारी तथा निजी क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के अलावा स्कूल तथा कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं भी इस पावन मौके पर घर आते हैं। ग्रामीण टेक सिंह, उमा ठाकुर, तेज राम ठाकुर, तेज राम शर्मा, भाग चंद, रमेश चंद और सुरेश ने जिला प्रशासन सहित लोनिवि से दर्रा जल्द बहाल करने की मांग की है। इन्होंने कहा कि दर्रा बंद होने से बाह्य सराज की सवा लाख आबादी दो माह से परेशानी से जूझ रही है। जलोड़ी दर्रा में तैनात बचाव दल के सदस्य भाग सिंह ठाकुर ने कहा कि अभी दर्रा बहाली के लिए आठ किलोमीटर मार्ग से बर्फ हटाने का काम शेष है। डीसी राकेश कंवर ने बताया कि लोनिवि को औट-लुहरी वाया जलोड़ी दर्रा मार्ग के जल्द बहाल करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
