शिमला ग्रामीण में विकास को देंगे गति : वीरभद्र

शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी है। इसके परिणामस्वरूप आज शिक्षा क्षेत्र में हिमाचल अग्रणी है। शिमला ग्रामीण के जुब्बड़हट्टी के समीप खलग स्कूल के वार्षिक समारोह में वीरभद्र ने जनसभा में कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास को गति दी जाएगी। सौ करोड़ रुपये खर्च कर 25 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। राजधानी से सटे इस क्षेत्र में सड़क निर्माण के साथ पेयजल आपूर्ति, सिंचाई, ऊर्जा आपूर्ति सहित हर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इस हलके में 17 स्कूलों को स्तरोन्नत किया गया है। डेंटल तथा नर्सिंग कॉलेज को आईजीएमसी से घणाहट्टी में स्थानांतरित किया गया है ताकि अस्पताल पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके। शिमला ग्रामीण में नेहरा के समीप शूटिंग रेंज बनाई जाएगी। क्षेत्र में 86 करोड़ रुपये की लागत से नेहरा उठाऊ सिंचाई योजना का निर्माण किया जाएगा जिससे 25 पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे। सुन्नी की 12 पंचायतों के लिए पेयजल संवर्द्धन योजना का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा निदेशक को खलग स्कूल के लिए संगीत शिक्षक एवं संस्कृत प्रवक्ता उपलब्ध करवाने की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिए।

एक हजार नई बसें खरीदी जाएंगी
वीरभद्र सिंह ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने आवश्यकता के अनुसार पुरानी बसों को नहीं बदला। प्रदेश सरकार यात्रियों की सुविधा के लिए एक हजार नई बसें खरीदेगी।

कार्यक्रम में मार्केटिंग बोर्ड अध्यक्ष डा. सुभाष मंगलेट, लघु उद्योग विकास निगम के निदेशक मंडल सदस्य प्रमोद शर्मा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यदेव शर्मा, सीएम के सलाहकार टीजीनेगी, उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर, लोनिवि के मुख्य अभियंता डीके नायर, शिमला (ग्रामीण) अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा, खलग एसएमसी अध्यक्ष कुश वर्मा, धमून ग्राम पंचायत प्रधान राम दयाल ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts