
कुमारसैन (रामपुर)। आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि आगामी वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में 4282 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। विद्या स्टोक्स 18 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय महाविद्यालय कुमारसैन के भवन का शिलान्यास करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रही थीं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से आरंभ की गई राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान योजना के तहत प्रदेश द्वारा 956 करोड़ रुपये की एक परियोजना केंद्र सरकार को धनराशि प्रदान करने के लिए भेजी है। उन्होंने बताया कि कुमारसैन में बनने वाले कालेज के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पांच मंजिला महाविद्यालय के भवन में पांच बड़े हाल का निर्माण होगा। इसमें 120 छात्रों के बैठने की क्षमता होगी। 13 अन्य क्लास रूम बनाए जाएंगे। इसमें एक समय में 60 छात्र शिक्षा ग्रहण कर सकते है। उन्होंने बताया कि इस कालेज में कला, वाणिज्य और विज्ञान विषय की कक्षाएं आरंभ होंगी। उन्होंने बताया कि शिमला जिला में एचपीएमसी की ओर से 15 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से एप्पल जूस इकाई स्थापित की जाएगी। बागवानों और किसानों को लाभ प्रदान करने के लिए यह निर्णय लिया है ।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष एचपीएमसी प्रकाश ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विजय पाल खाची, प्रधान ग्राम पंचायत कुमारसैन प्रवीण वर्मा, निदेशक एपीएमसी उज्जवल मेहता, संयुक्त निदेशक उच्चतर शिक्षा मोहर सिंह नेगी, कांग्रेस नेता वीनू कंवर, सुभाष गौतम, पूर्व प्रधान चुन्नी लाल वर्मा, बीडीसी चेयरमैन राजेश कुमार, प्रधान कांगल हेमंत वर्मा, निशांत ठाकुर, अनिल वर्मा, ठियोग कालेज की प्रधानाचार्य डा. करुणा भारद्वाज आदि उपस्थित थे।
