
धर्मशाला। स्कूलाें और कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे युवा नशे की गर्त में जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं। इसका खुलासा फोरेंसिक लैब में पहुंचे मामलों से हुआ है। बीते दो माह में यहां 90 के करीब ऐसे मामलों की जांच चल रही है। जबकि इस वर्ष प्रदेशभर से 700 के करीब मामले जांच के लिए पहुंच चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक स्कूलों में पढ़ाई कर रहे 17 वर्ष की आयु वाले छात्र नशीले कैप्सूल लेने के आदी हो गए हैं। कक्षा शुरू होने से पहले ही छात्र नशीले कैप्सूलों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस नशे का दूसरे व्यक्ति को पता तक नहीं चल पाता है। हाई स्तर की पढ़ाई के बाद कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र नशीले कैप्सूल के साथ-साथ नशीले ड्राप्स भी ले रहे हैं। साथ ही ड्राइजेवाम के इंजेक्शन लेने के भी आदी हो गए हैं। मार्केट में इनका रेट 50 से 100 रुपये के बीच है।
नशे का सेवन करने में युवतियां भी आगे हैं। शिमला में मंडी की युवतियों से भी ड्राइजेवाम के इंजेक्शन पुलिस पकड़ चुकी है। इसके बाद मामले जांच को फोरेंसिक लैब में पहुंचे हैं। इतना ही नहीं प्रोफेशनल कोर्स करने वाले छात्र भी महंगे नशे का सेवन कर रहे हैं। छात्र मॉरफिन, हीरोइन, अफीम का सेवन कर रहे हैं। दूसरी ओर पुलिस ऐसे नशे के सौदागरों तक नहीं पहुंच पाई है। बीते दो माह में फोरेंसिक लैब जुन्गा में 90 के करीब मामलों में जांच चल रही है। फोरेंसिक लैब के निदेशक अरुण शर्मा और सहायक निदेशक डा. एसके पाल ने बताया कि 90 के करीब मामलों में जांच चल रही है। हाई प्रोफाइल नशे से संबंधित केस भी जांच के लिए आए हैं।
सोचने की क्षमता हो रही कम
नशीले कैप्सूल के लगातार सेवन से नशेड़ी के फेफड़ों में कैंसर हो सकता है। साथ ही हार्टअटैक आने की संभावना भी ज्यादा रहती है। ज्यादा नशा करने से सोचने की क्षमता भी कम हो सकती है।
इन नशाें का हो रहा इस्तेमाल
युवा स्पेस्मो प्रॉक्सीवन, कॉमापोरवॉन स्पैस, एलएसडी, एमडीएमए, एमडीए ड्राइजेवाम इंजेक्शन, नाइट्राजेपाम, एलप्रैक्सके, हीरोइन, अफीम और चरस का सेवन कर रहे हैं।
महंगे नशे का भी हो रहा सेवन
हीरोइन की कम मात्रा से ही नशेड़ी नशे का अनुभव करता है। ये नशे काफी महंगे भी है। पहले नामी शहरों में ही इन नशों का सेवन होता था। मगर अब प्रदेश में भी नशेड़ी इनका सेवन कर रहे हैं।
पुलिस कर रही कार्रवाई : चावला
एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। अभिभावक भी बच्चों का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर नशे के सौदागराें को पकड़ा जा रहा है।
