शिक्षा का हो रहा है निजीकरण : सौंखला

कुल्लू। एसएफआई कमेटी कुल्लू ने 31वां जिला सम्मेलन अशोक भवन में मनाया। सम्मेलन का उद्घाटन हिमाचल किसान सभा के राज्य सहसचिव एवं जिला महासचिव होतम सिंह सौंखला ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भूपेंद्र सिंह कोटिया, शेर सिंह और छपे राम ने की। इस अवसर पर सौंखला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकारें लगातार शिक्षा पर बजट कम करके सरकारी शिक्षण संस्थानों में सुविधाओं को कम रही हैं। सरकारों की सोची समझी साजिश के तहत शिक्षा के ढांचे को खराब करके शिक्षा को व्यापार का माध्यम बनाया जा रहा है। दोहरी शिक्षा प्रणाली को लागू करने साथ ही शिक्षा का निजीकरण करके शिक्षा को महंगा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के खिलाफ संगठन को मजबूत करके आंदोलन को तेेज किया जाएगा। सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों को आम छात्र तक पहुंचाया जाएगा। एसएफआई के राज्य उपाध्यक्ष सुरेश सरवाल ने कहा कि प्रदेश की पिछली भाजपा और वर्तमान सरकार ने बड़े पैमाने पर शिक्षा का निजीकरण किया है और कर रही है। सरकार शिक्षण संस्थानों में अध्यापकों और प्राध्यापकों के खाली पदों को भी नहीं भर रही हैं। स्कूल और कॉलेजों में लगातार फीस बढ़ोतरी की जा रही है। राज्य सरकार ने बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास भत्ता देने का झूठा आश्वासन दिया है। सरकार सरकारी क्षेत्र में रोजगार को समाप्त कर रही है। शेर सिंह ने बताया कि एसएफआई सरकार की इन छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन कर रही है। आंदोलन को तेज करने तथा संगठन को और व्यापक बनाने के लिए एसएफआई संगठन अपना राज्य स्तरीय सम्मेलन 12 से 14 नवंबर को शिमला में करने जा रहा है। सम्मेलन में 17 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान भूपेंद्र सिंह कोटिया और महासचिव शेर सिंह को चुना गया। इस अवसर पर एसएफआई के पूर्व जिला सचिव गोविंद सिंह भंडारी, पूर्व जिला अध्यक्ष हेम राज, महासचिव रोशन, संजय, जिला उपाध्यक्ष मान सिंह, किरण और रेणुका सहित भारी संख्या में एसएफआई पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।

Related posts