
सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंगलबैरी के अध्यापकों पर शिक्षा का माहौल खराब करने का आरोप लगा है। अभिभावकों ने कुछ शिक्षकों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं। जारी बयान में कहा कि शिक्षक ही स्कूल में शिक्षा के माहौल को खराब कर रहे हैं। विद्यालय के ही कुछ अध्यापक दूसरे अध्यापकों पर आरोप लगा रहे हैं। अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि माहौल को सुधारा जाए। साथ ही सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की कि दोषी अध्यापकों का तबादला किया जाए अन्यथा वे अपने बच्चों के प्रमाण पत्र ले लेंगे। एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया है।
अभिभावकों में हरि चंद, होशियार सिंह, मीरां देवी, प्रोमिला देवी, चंपा देवी और ध्रुव कुमार ने बताया कि पिछले तीन माह से स्कूल में पढ़ाई का माहौल खराब हो गया है। जानकारी शिक्षा निदेशालय सहित मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, शिक्षा विभाग को दे दी गई है, लेकिन विद्यार्थियों की शिक्षा एवं पढ़ाई को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। शिक्षा विभाग एक सप्ताह के भीतर सही जांच कर दोषी अध्यापकों का तबादला किया जाए। अभिभावकों ने चेताया कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो कठोर कदम उठाने पर मजबूर होंगे। उधर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी है तथा आरोपी शिक्षकों के तबादले तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।
