शिक्षकों को पंजाब की तर्ज पर मिलें लाभ

नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। प्रदेश के शिक्षक संगठनों ने 4-9-14 का लाभ जारी करवाने के लिए शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। शिक्षक संगठनों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि प्रदेश के सभी शिक्षकों को 4-9-14 का लाभ देने के लिए शिक्षा निदेशक को आदेश दिए जाएं। यदि सरकार ने इसे शीघ्र जारी नहीं किया तो संगठनों को मजबूरन संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। विज्ञान अध्यापक संघ के कार्यकारी राज्य प्रधान सुखजिंद्र सिंह गुलेरी और प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान जीएस वेदी का कहना है कि शिक्षा विभाग में अधिकारियों को 4-9-14 का लाभ दे दिया गया है, लेकिन शिक्षक अनदेखी के कारण इस लाभ से वंचित हैं। 4-9-14 के लिए जो मानक प्रदेश सरकार ने बनाए हैं, यह शिक्षकों को मंजूर नहीं हैं। मांग की है कि सभी वित्तीय लाभ पंजाब की तर्ज पर प्रदेश में दिए जाते हैं तो 4-9-14 को भी इसी तर्ज पर लागू किया जाए। विज्ञान अध्यापक संघ के कार्यकारी राज्य प्रधान सुखजिंद्र सिंह गुलेरी ने टीजीटी शिक्षकों का प्रैक्टिकल भत्ता 150 रुपयेे से बढ़ाकर 500 रुपये करने और 15 साल बाद शिक्षकों को दो विशेष वेतनवृद्धि देने की मांग भी की है।

26 जनवरी की परेड को छात्र अंकुश का चयन
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। स्थानीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बारहवीं कक्षा के एनएसएस छात्र अंकुश 26 जनवरी को शिमला में होने वाली परेड में भाग लेंगे। एनएसएस प्रभारी पुनीत राजन मंडल ने बताया कि प्रदेश के सभी स्कूलों से स्वयंसेवी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दरंग (मंडी) में 26 जनवरी की परेड के लिए चयनित करने के लिए बुलाए थे। स्थानीय जमा दो स्कूल से छात्र अंकुश और एक छात्रा ने हिस्सा लिया। जिसमें अंकुश का चयन परेड के लिए हुआ है। प्रधानाचार्य शेर सिंह ने मंगलवार को सादे समारोह में अंकुश और रूबी कुमारी को सम्मानित किया। इस मौके पर प्राध्यापक संजय बागी, सुशील शर्मा, राज कुमार, सुदेश शर्मा, मनजीत संधु, डीपीई अनिल कुमार नीलू भी उपस्थित रहे।

Related posts