शिअद-भाजपा मंत्रियों व विधायकों को नहीं बुलाया प्रैस कांफ्रैंस में

जालंधर: डिप्टी सी.एम. सुखबीर बादल आज पी.ए.पी. में पंजाब पुलिस के जवानों को तरक्कियां देने के लिए समारोह में भाग लेने के लिए आए थे परन्तु दिलचस्प बात यह है कि समारोह के बाद सुखबीर ने जी.ओ. मैस में प्रैस कांफ्रैंस का आयोजन किया हुआ था। सुखबीर पी.ए.पी. ग्राऊंड से अपनी गाड़ी में बैठकर प्रैस कांफ्रैंस हाल में आ गए परन्तु वहां कोई भी अकाली-भाजपा मंत्री, मुख्य संसदीय सचिव या विधायक मौजूद नहीं था। सुखबीर के साथ केवल डी.जी.पी. तथा गृह सचिव थे जबकि प्रैस कांफ्रैंस राजनीतिक विषयों पर हो रही थी।

पुलिस समारोह में भाग लेने के लिए स्थानीय निकाय मंत्री भगत चूनी लाल, मुख्य संसदीय सचिव के.डी. भंडारी, मुख्य संसदीय सचिव पवन कुमार टीनू, विधायक परगट सिंह, बलजीत सिंह नीलामहल तथा कई अन्य नेता पहुंचे हुए थे। सुखबीर की प्रैस कांफ्रैंस के बारे में किसी भी अधिकारी ने मौजूद अकाली-भाजपा मंत्रियों, मुख्य संसदीय सचिवों तथा विधायकों को सूचना नहीं दी। इन सभी नेताओं ने यह समझ लिया कि सुखबीर ने वापसी कर ली है। उन्हें यह आभास भी नहीं हुआ कि सुखबीर प्रैस कांफ्रैंस को संबोधित कर रहे हैं, जिसे देखते हुए ये सभी नेता अपनी गाडिय़ों में बैठकर वापस शहर आ गए।

कुछ नेताओं ने बताया कि सुखबीर के दर्शन तो यदा-कदा ही होते हैं परन्तु आज जब डिप्टी सी.एम. शहर में आए थे तो इन नेताओं ने सोचा था कि उनसे बैठक हो जाएगी परन्तु डिप्टी सी.एम. से दूर से ही उनकी दुआ-सलाम हुई। सुखबीर अधिकतर समय तक अफसरशाही से ही घिरे रहे। मामला चूंकि सुखबीर का था इसलिए सार्वजनिक रूप से कोई भी नेता बोलना नहीं चाहता था परन्तु वे डिप्टी सी.एम. के बदले रंग-ढंग से अवश्य परेशान थे। इन नेताओं में यह भी चर्चा रही कि जब विधानसभा चुनाव होने थे तो उस वर्ष सुखबीर स्वयं उन्हें स्थानीय होटल में बुलाकर बैठक किया करते थे परन्तु अब तो डिप्टी सी.एम. अधिकारियों के घेरे में ही रहने लगे हैं।

Related posts