
अंब(ऊना)।(विवेक त्रिपाठी) उपमंडल के डूहकी में एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई है। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि पुलिस ने मामले के संदर्भ में परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बीती शाम डूहकी निवासी 23 वर्षीय पूजा देवी ने जहर निगल लिया। इससे उसकी हालत काफी बिगड़ गई। हालत बिगड़ता देख परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। लेकिन महिला की नाजुक हाल को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे फौरन पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही महिला ने बीच रास्ते में दम तोड दिया। विवाहिता की दिसंबर 2013 में शादी हुई थी। महिला के जहर निगलने के पीछे क्या कारण रहे हैं, अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा कि विवाहिता कई दिनों से तनाव में चल रही थी। उधर अंब के डीएसपी सागर चंद्र का कहना है कि महिला के मायके की तरफ से अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है। जबकि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
