
मुबारिकपुर (ऊना)। शादी करवाने का झांसा देकर गिरोह ने एक युवक से 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। इस संदर्भ में गोंदपुर बनेहड़ा के निवासी वासदेव ने उपमंडल अंब पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा है कि उसके भाई की शादी करवाने का झांसा देकर उससे महिला सहित दो लोगों ने 50 हजार रुपये ठग लिए हैं। उक्त व्यक्ति उसे और उसके भाई को अपने साथ कुल्लू ले गए। पचास हजार रुपये लेने के बाद भी उसके भाई की शादी नहीं करवाई। वासदेव ने अपने शिकायत पत्र में उक्त गिरोह से अपने 50 हजार रुपये वापस दिलाने एवं शादी करवाने के नाम पर ठगी करने के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में डीएसपी अंब सागर चंद्र शर्मा ने कहा कि विवाह के नाम पर ठगी करने की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
उपमंडल अंब में इन दिनों शादी करवाने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह उपमंडल अंब में उन लोगों को अपना शिकार बना रहा है, जिन लोगों की अधिक आयु होने पर भी शादी नहीं हो पाई है। गिरोह ऐसे लोगों को ढूंढता है जो लोग या तो बेकार हैं या उनकी उम्र अधिक हो गई है। गिरोह के लोग उन लोगों को बहला-फुसलाकर कुल्लू, मंडी या किन्नौर से सुंदर वधु लाने की एवज में पचास हजार रुपये देने को कहते हैं। यह भी बताते हैं कि उक्त लड़की के माता पिता बहुत ही गरीब हैं। आपके पचास हजार उस लड़की की शादी पर ही खर्च किए जाएंगे। इस गिरोह के लोग कुल्लू या अन्य जिलों में ही रहकर यहां के लोगाें से संपर्क साधे हुए हैं।
