शांता से मुकाबला करने की इच्छा : सुशांत

पालमपुर (कांगड़ा)। भाजपा छोड़ चुके सांसद डा. राजन सुशांत ने कहा कि अगर भाजपा उन्हें टिकट भी देगी तो भी वह पार्टी में वापसी नहीं करेंगे। वह हर हाल में लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, इसका खुलासा जल्द करेंगे। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उनके चुनाव लड़ने के लिए आम आदमी पार्टी समेत दूसरे दलों से भी बात हो रही है। इसका पता 15 फरवरी के बाद चलेगा कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। उनकी इच्छा है कि उनका मुकाबला शांता कुमार के साथ हो। चुनाव आचार संहिता लगते ही वह शांता और धूमल समेत कांग्रेस नेताओं का तथ्यों समेत पर्दाफाश करेंगे। अपने 17 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने के बाद वह दिल्ली जाएंगे। टांडा मेडिकल कॉलेज में गरीब लोगों को रहने के लिए सराय को 40 लाख रुपये दिए हैं। उनका प्रयास है कि इसका शिलान्यास केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाब नवी आजाद करें। इससे पहले उन्होंने मोरला और भवारना में जनसभाएं कीं। भवारना पंचायत में सोलर लाइट के लिए तीन लाख, मनसिंबल सत्य साईं बाबा मंदिर के लिए 3.25 लाख, मोरला में महिला मंडल भवन के लिए दो लाख, घुग्घर में सोलर लाइट के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर शांति स्वरूप शर्मा और राजेंद्र शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts