शांता और चंद्र की खोलेंगे पोल

सलूणी (चंबा)। आम आदमी पार्टी के चंबा-कांगड़ा के प्रत्याशी डा. राजन सुशांत ने कहा कि वे कांग्रेस व भाजपा के दोनों प्रत्याशियों की पोल खोलेंगे और चंबा-कांगड़ा के दोनों प्रत्याशियों की सच्चाई लोगों के सामने रखेंगे। सलूणी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि बीजेपी के शांता कुमार और कांग्रेस के चंद्र कुमार ने सांसद रहते हुए कितना सांसद निधि खर्च की। उन्होंने कहा कि पूर्व में चंबा-कांगड़ा से उनको छोड़कर जो भी सांसद विजयी रहे, वे मात्र दिल्ली तक ही सीमित रहते हैं और चंबा की जनता को पांच वर्ष अपनी शक्ल भी नहीं दिखाते हैं। कांग्रेस व बीजेपी आप पार्टी की लोकप्रियता से घबरा गई हैं। उन्होंने कहा कि जीत के बाद वे चंबा-कांगड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देंगे। आप पार्टी के वरिष्ठ नेता जल्द चंबा-कांगड़ा का दौरा करेंगे। उन्होंने सलूणी में भी रोड शो किया गया और लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने बताया कि रोड शो जिला कांगड़ा से होते हुए चंबा के बनीखेत व भलेई से सलूणी पहुंचा है। सुशांत ने कहा कि उनको रोड शो और नुक्कड़ सभाओं के दौरान मतदाताओं का भारी समर्थन मिल रहा है और आने वाले लोकसभा चुनाव में मतदाता उन्हें विजयी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। भाजपा का भी यही हाल है। प्रदेश भाजपा के कई नेताओं पर एचपीसीए में धांधली करने के आरोप लगे हैं। डा. सुशांत ने कहा कि उन्होंने बीते पांच वर्षों में 17 विस क्षेत्रों में भरपूर काम किया है और पहली बार एमपी फंड पंचायत स्तर पर खर्च करवाया है। इस मौके पर विरेंद्र व पीसी ओबराय मौजूद रहे।

Related posts