
कपूरथला: लम्बे समय से पुलिस फोर्स की भारी कमी से जूझ रहे थाना सिटी कपूरथला की पुलिस को आने वाले कुछ दिनों के दौरान एक बहुत बड़ी राहत मिलने वाली है। करीब 1.25 लाख की आबादी तथा लगभग 10 वर्ग किलोमीटर के विशाल क्षेत्रफल तक घिर चुके कपूरथला शहर में अब जल्द ही 11 नई पुलिस पोस्ट बनाकर उनमें 11 ए.एस.आई. रैंक के अधिकारियों की अगुवाई में 80 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। इस पूरे प्रपोजल को अगले कुछ दिनों में अमलीजामा भी पहनाने की संभावना है।
गौरतलब है कि 1989 में जब अलग तौर पर थाना सिटी कपूरथला की स्थापना की गई थी, उस समय कपूरथला शहर की आबादी सिर्फ 40 हजार थी तथा पूरा शहर भी सिर्फ 3-4 किलोमीटर के एरिया में घिरा हुआ था, पर 2000 के बाद शहर के लम्बे-चौड़े विस्तार तथा अर्बन एस्टेट सहित कई नई कालोनियों का निर्माण होने के तौर पर सिटी पुलिस के लिए इतने बड़े शहर में क्राइम से निपटना मुश्किल हो गया, जिसके परिणामस्वरूप सिटी पुलिस की मदद के लिए पुलिस अधिकारियों ने पी.सी.आर. टीम की भी संख्या बढ़ाकर क्राइम से निपटने की कोशिश की, पर इसके बावजूद कोई खास कामयाबी नहीं मिली।
पुलिस हलकों का कहना है कि जल्द ही इन सभी पुलिस पोस्टों का उद्घाटन कर दिया जाएगा। इस संबंधी संपर्क करने पर एस.एस.पी. इन्द्रबीर सिंह ने बताया कि शहर में पुलिस पोस्टों की स्थापना का मकसद अपराध का जड़ से सफाया करना है। जल्द ही इन पुलिस पोस्टों पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
