शहर में अटका फुटपाथ का निर्माण

हमीरपुर। शहर में फुटपाथ का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। मुख्य स्थानों पर फुटपाथ नहीं बन पाया है। इसका मुख्य कारण उपायुक्त कार्यालय से एनएच विभाग को पैमेंट का भुगतान नहीं होना बताया जा रहा है। करीब 23 लाख रुपये उपायुक्त कार्यालय ने एनएच विभाग को देने हैं।
शहर में एनएच किनारे फुटपाथ बनाने का जिम्मा एनएच विभाग को सौंपा गया था। फुटपाथ का निर्माण कार्य अलग-अलग ठेकेदारों को दिया गया था। इस कारण निर्माण कार्य होने में देरी हुई। साथ ही दुकानदारों के विरोध के चलते कई मुख्य स्थानों पर फुटपाथ नहीं बन पाया है। जितना निर्माण कार्य हुआ है वह डेढ़ वर्ष पहले हो चुका है। किंतु उपायुक्त कार्यालय से अभी तक 23 लाख की पैमेंट नहीं हो पाई है। ऐसे में विभाग न तो फुटपाथ की मरम्मत करवा रहा है और न ही फुटपाथ के निर्माण कार्य को आगे बढ़ा रहा है।

उपायुक्त कार्यालय से फुटपाथ निर्माण कार्य की पैमेंट नहीं हुई है। पुरानी पैमेंट ही नहीं मिली तो फुटपाथ की मरम्मत और आगे का कार्य कैसे किया जाएगा। जब पैमेंट हो जाएगी तो आगे का कार्य शुरू किया जाएगा।
-सतीश नाग, एक्सईएन, एनएच विभाग

नादौन चौक से भोटा चौक तक बनना था फुटपाथ
नादौन चौक से भोटा चौक तक एनएच के दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण होना था। नादौन चौक से भोटा चौक तक फुटपाथ का निर्माण हुआ है। बीच-बीच में मुख्य स्थानों पर फुटपाथ का निर्माण नहीं हो सका है। कुछेक स्थानों पर दुकानदारों के विरोध के चलते निर्माण कार्य नहीं हो सका है। कई स्थानों पर विभाग और प्रशासन की लापरवाही, ठेकेदारों को समय पर पैमेंट का भुगतान न करने से निर्माण कार्य लटका है। कई ठेकेदारों को काम अवार्ड करना भी मुख्य कारण माना जा रहा है।

फुटपाथ निर्माण पर सवाल
फुटपाथ के निर्माण पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्लेब घटिया किस्म के बनाए गए है। कई जगह सरिये निकले हुए हैं। गुणवत्ता भी ठीक न होने के कारण फुटपाथ जगह-जगह से टूट गया है। इससे हादसे का अंदेशा बना रहता है।

Related posts