शहर के विकास को 5.38 करोड़ मंजूर

भल्याणी (कुल्लू)। नगर परिषद कुल्लू को सीवरेज कनेक्शन से वंचित वार्डों तथा हर घर को सीवरेज की मेन लाइन से जोड़ने के लिए 5 करोड़ 38 लाख रुपये मंजूर हो गए हैं। शहर को तथा ब्यास की धारा को साफ सुथरा रखने के लिए शहरी विकास विभाग ने यह राशि जारी कर दी है। हाल ही में नप कुल्लू ने इसका प्रपोजल तैयार कर विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजा था। अब नप को धन स्वीकृति की चिट्ठी मिल गई है। नप अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने इसकी पुष्टि की है।
नप अध्यक्ष ने बताया कि विभाग ने 5 करोड़ 38 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसी माह कार्य का श्री गणेश किया जाएगा। ग्यारह वार्डों वाली नप कुल्लू का कोई भी क्षेत्र अब सीवरेज लाइन से वंचित नहीं रहेगा। लोगों के घरद्वार तक सीवरेज लाइन को पहुंचाने के मकसद से शहरी विकास विभाग ने जोन-1 के सुल्तानपुर क्षेत्र, इनर – आऊटर अखाड़ा, दुर्गानगर, रामशमिला के लिए 3 करोड़ 50 लाख तथा जोन-2 के तहत आने वाले ढालपुर, लोअर ढालपुर, मियांबेहड़, बालाबेहड़, लंकाबेकर, गांधीनगर, शास्त्री नगर, शीशामाटी, देवधार के साथ लगते क्षेत्र के लिए 1 करोड़ 88 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। कालिया ने बताया कि जल्द ही इस कार्य को आईपीएच विभाग के मार्फत से शुरू कर दिया जाएगा। आईपीएच विभाग डिविजन दो के अधिशासी अभियंता बीएल गुप्ता ने भी चिट्ठी मिलने की पुष्टि की है। बताया कि इसी माह टेंडर लगाकर कार्य को प्रारंभ किया जाएगा।

Related posts