शर्मा दंपति ने किया देहदान का ऐलान

कांगड़ा। चड़ी निवासी रजनेश कुमार शर्मा और उनकी धर्मपत्नी रमा शर्मा ने मरणोपरांत अपनी देहदान करने का ऐलान किया है। शनिवार को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा में शर्मा दंपति ने देहदान के लिए तमाम सरकारी औपचारिकताएं पूरी कीं। मेडिकल कालेज के एनाटोमी विभाग से बाकायदा उन्हें सर्टिफिकेट दिया गया है। सर्टिफिकेट के आधार पर मरणोपरंात दोनों की देह टांडा मेडिकल कालेज लाई जाएगी।
इससे पहले अपनी शादी की 18वीं सालगिरह पर शर्मा दंपति ने आईजीएमसी में अपने नेत्रदान करने की घोषणा की थी। स्वामी रामदेव को अपना प्रेरणा स्रोत बताते हुए रजनेश शर्मा ने कहा कि मरणोपरांत उनकी और पत्नी की देह जरूरतमंद लोगों के काम आ जाए, इससे बड़ा पुण्य और क्या हो सकता है। जिला कांगड़ा में रजनेश कुमार शर्मा का नाम यूं भी किसी से छिपा नहीं है। करीब 25 वर्षों तक राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के विभिन्न पदों पर रहकर शर्मा कर्मचारी हितों की आवाज उठाते रहे हैं। वर्तमान में रजनेश हिमाचल पथ परिवहन निगम धर्मशाला में कार्यरत हैं तथा उनकी धर्मपत्नी रमा शर्मा स्वास्थ्य विभाग शाहपुर में तैनात हैं।
रजनेश ने कहा कि स्वामी रामदेव के सान्निध्य में आने के बाद उनका जीवन ही बदल गया। यह कदम भी उन्हीं की प्रेरणा के बाद उठाया गया है। उन्होंने कहा कि मरणोपरांत देहदान करना सबसे उत्तम कार्य है। दोनों पति पत्नी ने यही इच्छा जताते हुए कहा कि उनके मरणोपरांत उनकी शरीर को मान सम्मान के साथ टांडा मेडिकल कालेज पहुंचाया जाए।

नहीं मान रहा था बेटा
खुद की ओर से उठाए गए इस साहसिक कदम से उनके इकलौते पुत्र की प्रतिक्रिया के सवाल पर रजनेश ने बताया कि चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा उनका बेटा नितिश कुमार शर्मा पहले तो राजी ही नहीं हुआ। नितिश से जब इस बाबत बात की गई तो उसके आंसू नहीं थम रहे थे। अंतत: वह मान गया।

Related posts