
ऊना। जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित अजनोली में वीरवार देर सायं शराब के ठेके पर दो लोगों ने हुड़दंग मचाना आरंभ कर दिया। ठेके पर मौजूद कर्मचारियाे ने जब उनका विरोध किया तो आरोपियों ने हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर ठेका कर्मियों को उनके चंगुल से छुड़ाया और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों आरोपियों को दबोच लिया और थाने ले गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार देर सायं दो व्यक्ति अजनोली स्थित ठेके पर शराब खरीदने पहुंचे। वहां उन्होंने ठेका कर्मियों से देसी शराब का एक पौवा मांगा। कर्मचारियों ने पौवा देने के बाद जब उनसे पैसे मांगे तो आरोपी यह कहते हुए मारपीट पर उतारू हो गए कि शराब मिलावटी है। ठेका कर्मियों ने जब उनसे शराब न खरीदने की बात कही तो दोनों आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए। इसी दौरान आसपास के दुकानदारों ने उन्हें काबू किया और पुलिस के हवाले कर दिया। एसएचओ सदर केएल बेरी ने बताया कि दोनों युवकों ने थाने में ठेका कर्मियों और मालिकों से लिखित माफी मांग ली है। इसके चलते मामला दर्ज नहीं किया गया है।
