शराब ठेके और मंदिर की दूरी की जांच शुरू

ऊना। क्षेत्र के पीरनिगाह के एक मंदिर के पास खुले ठेके को बंद करवाने को ग्रामीणों की ओर से छेड़े गए अभियान के बाद आबकारी व कराधान विभाग ने भी जांच तेज कर दी है। सोमवार को सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त उज्जवल सिंह राणा एवं एसडीएम धनवीर सिंह ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान विभागीय कर्मियों ने निर्धारित नियमों के तहत ठेके एवं मंदिर की दूरी मापी। सारे प्रकरण की वीडियो रिकार्डिंग भी की गई है। इस पर जल्द ही फैसला सुनाया जा सकता है।
पिछले दिनों ग्राम पंचायत बसोली के तहत पड़ते पीरनिगाह के लोगों ने मंदिर के पास खुले शराब के ठेके को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके चलते पंचायत के सैकड़ाें लोगों ने ठेके को हटाने के विरोध में धरना प्रदर्शन किया था। इसी के चलते सोमवार को विभागीय अधिकारियों ने हरकत में आते हुए ठेके और मंदिर की दूरी मापने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्थानीय ग्रामीणों में विजय कुमार, जीतू राम, राज कुमार, यशपाल, तारा चंद, रणजोध सिंह, कांता देवी, वीना देवी, मनसो देवी व गंगा देवी का आरोप है कि उनके गांव में शराब का ठेका मंदिर और स्कूल के बिल्कुल पास खोल दिया गया है, जो सरेआम नियमों का उल्लंघन है। उधर, सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त यूएस राणा का कहना है कि एसडीएम धनवीर ठाकुर के साथ मौके पर पहुंच जांच की गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही रिपोर्ट उपायुक्त अभिषेक जैन के सुपुर्द की जाएगी, जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts