
नई दिल्ली। सफदरजंग इलाके में बृहस्पतिवार को नशे में धुत शख्स ने मां-बेटी समेत पांच लोगों को रौंद दिया। 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है, जबकि उसकी बेटी की हालत गंभीर है। अन्य घायलों को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सफदरजंग एंकलेव पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सफदरजंग डेवलपमेंट एरिया में हुआ। आरकेपुरम के सोमविहार अपार्टमेंट में रहने वाला सिद्धार्थ ग्रोवर (39) स्विफ्ट कार से आईआईटी के मेन गेट के विपरीत दिशा में स्थित सफदरजंग डेवलपमेंट एरिया में स्थित अपने कार्यालय जा रहा था। एरिया में घुसते ही उसने पहले खड़ी सेंट्रो कार को टक्कर मारी, फिर फलों की रेहड़ी पर कार चढ़ा दी। बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़ी जिया सराय निवासी महिला सुशीला (70) और उनकी बेटी अनू (40) समेत पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरो ने सुशीला को मृत घोषित कर दिया। अनू के कूल्हे की हड्डी टूटने अलावा और चोटें आई हैं। अन्य घायल बृजमोहन, राजीव और दुष्यंत भी ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने सिद्धार्थ ग्रोवर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल जांच में आरोपी के शराब पीने की पुष्टि हुई है।
