शमशानघाट में मिला युवक का शव

संतोषगढ़ (ऊना)। नगर के शमशान घाट में रविवार सुबह रहस्यमयी परिस्थितियों में पड़ी एक युवक की लाश ने नगर में सनसनी फैला दी। सुबह घास लाने के लिए जा रही कुछ महिलाएं जैसे ही शमशान घर के पास से गुजर रही थीं तो उनकी नजर हैंडपंप के पास पड़े युवक पर पड़ी। जब उसे पास से देखा तो युवक को मृत अवस्था में पाया गया। देखते ही देखते यह खबर इलाके में फैल गई और कुछ ही मिनटों में इसे देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब इस शव का मुआयना किया तो इसकी शिनाख्त संतोषगढ़ नगर के वार्ड नंबर आठ निवासी 23 वर्षीय मनीष पुत्र प्रेम चंद के रूप में हुई। पुलिस ने फौरन घरवालों को सूचित किया तथा मौके पर से शव को उठाकर ऊना अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया तथा देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के परिजनों ने बताया कि शनिवार सायं मनीष घर से चला गया था और काफी ढूंढने के बाद वह रात तक नहीं मिल पाया। पुलिस चौकी इंचार्ज कुलदीप पटियाल का कहना है कि मौत के कारणों के बारे कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस गहन छानबीन कर रही है तथा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts