शटयाउगी स्कूल से कब उठेगा मलबा

बंजार (कुल्लू)। बंजार उपमंडल की पलाहच पंचायत के गांव शटयाउगी की प्राथमिक पाठशाला के साथ हो रहे सड़क निर्माण से पाठशाला की चार दीवारी, शौचालय और खेल के मैदान को नुकसान पहुंचा है। अप्रैल माह में हुए सड़क निर्माण कार्य से यह क्षति पहुंची है। इस पर जब क्षेत्र के लोगों ने रोष व्यक्त किया तो सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार ने लोगों को आश्वासन दिया था कि सड़क निर्माण के चलते स्कूल में गिरे मलबे को उठा लिया जाएगा। क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण होगा। लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी मलबा नहीं उठाया गया है।
एसएमसी कमेटी पाठशाला शटयाउगी के प्रधान टिकम राम और स्थानीय वार्ड पंच जयवंती देवी का कहना है कि मलबे के कारण बच्चों को काफी मुश्किलों का सामना कर पड़ रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेलने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को भी भेजी है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो रही। अभिभावक अनूपराम, सोनिया देवी और तारा देवी का कहना है कि अभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है। अवकाश खत्म होने के बाद भी यही स्थिति रहती है तो उन्हें अपने बच्चों को दूसरे स्कूलों में दाखिल करवाना पड़ सकता है
लोनिवि को भेज दी है शिकायत
इस बाबत शिकायत मिली है। मामला लोक निर्माण से संबधित होने के कारण शिकायत को लोक निर्माण विभाग को भेज दिया है।
एसडीएम वीरेंद्र शर्मा बंजार

ठेकेदार को जारी किया है नोटिस
मलबा उठाने के लिए ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया है। शीघ्र ही मलबा उठवा कर क्रेटवाल लगवाए जाएंगी। स्कूल भवन की सुरक्षा पुख्ता की जाएगी।

Related posts