
रोहड़ू। शक्तिनगर रोहड़ू में कई दिन से घरों के बाहर सुखाने के लिए रखे कपड़ों को कोई गिरोह फाड़ रहा है। रात में धोकर सुखाने के लिए आंगन में रखे कपड़ों के सुबह लोगों को चिथड़े बने ढेर में मिल रहे हैं। शक्तिनगर बस्ती के लोग इससे काफी चिंतित हैं। बस्ती के बाशिंदों ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी रोहड़ू में की है।
शक्तिनगर निवासी कुलदीप मेहता, प्रदीप चौहान, सुंदर लाल जगीतठा, बबलू, कैलाश, प्रेम, नरेंद्र, राजकुमार, डॉ. अंकुश, डॉ. अशिमा, रिंकू, आशा चौहान सहित करीब दो दर्जन लोगों ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके घरों के बाहर रात को सुखाने के लिए रखे कपड़ों को रात के समय कोई काट कर इनके चिथड़े बना रहा है। उन्होंने कहा कि सुखाने को बाहर रखे महिलाओं के कपड़ों को अधिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कई रातों से हो रही इस तरह की वारदात के बाद लोगों में दहशत है। दिन के समय भी घर में महिला तथा बुजुर्ग को अकेले रहने में भय सता रहा है। उन्होंने पुलिस ने मांग की है कि इस क्षेत्र में रात के समय गश्त को बढ़ाए। इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वाले का सुराग तलाशा जाए।
