
गलोड़ (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत नारा में वोल्टेज की समस्या के चलते दर्जनों विद्युत उपकरण खराब हो गए। पूर्व में भी क्षेत्र में उपकरण खराब होने की घटनाएं होती रही हैं। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड को समस्या के प्रति अवगत भी करवाया है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
स्थानीय ग्रामीणों में राजेंद्र सिंह, सुनील कुमार, राकेश कुमार, सुरेश कुमार, विजय कुमार, सुनीता देवी, राजकुमारी, बंतो देवी, गोपाल चंद आदि का कहना है कि विद्युत वोल्टेज बढ़ने से उनके विद्युत उपकरण खराब हो गए हैं। करीब एक सप्ताह से पंचायत में वोल्टेज की समस्या निरंतर चल रही है। हालांकि विद्युत कर्मचारियों को समस्या के बारे में अवगत करवाया गया है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया।
ज्याणा खरूणी में सूबेदार गोपाल चंद के तीन पंखे, एक फ्रिज, हुकम सिंह के दो पंखे, चार बल्ब, नारा में राजेंद्र सिंह के तीन पंखे, बल्ह डोडा के कुलदीप चंद के दो पंखे जल गए हैं। अन्य ग्रामीणों में भी विद्युत उपकरणों के जलने का भय सताने लगा है। वोल्टेज की समस्या के चलते कभी बिजली बहुत कम हो जाती है, इससे बल्ब तक पूरी तरह नहीं जल पाते तो कभी बिजली के धमाके से फ्रिज और बल्ब आदि सड़ जाते हैं। पंचायत के लोगों ने विद्युत बोर्ड से मांग की कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को ठीक किया जाए।
उधर, एसडीओ विद्युत विभाग गलोड़, विजय कुमार का कहना है कि समस्या से संबंधित उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर विद्युत बोर्ड द्वारा उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
