
नादौन (हमीरपुर)। नादौन क्षेत्र में रविवार देर शाम अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ने के कारण घरों में कई उपकरण खराब हो गए। लोगों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ितों ने विद्युत बोर्ड से मुआवजा देने की मांग की। लोगों ने चेताया कि अगर मुआवजा नहीं दिया गया तो वे उपभोक्ता अदालत का सहारा लेंगे। नादौन के वार्ड नंबर चार और आस पास के क्षेत्र में घरों में नुकसान हुआ है।
वार्ड चार निवासी संजीव कुमार ने बताया कि उसके घर में लगी एलसीडी सहित अन्य विद्युत उपकरण अचानक वोल्टेज बढ़ने से जल गए। त्रिमूर्ति मार्केट में कई दुकानों में लगे विद्युत उपकरण जल गए हैं। संजीव कश्यप ने बताया कि उनकी दुकान में लगी ट्यूब लाइटें जल गईं, जबकि एक मोबाइल चार्जर धमाके के साथ फट गया। राकेश कुमार ने बताया कि उसकी दुकानों में लगी लाइटें, सीएफएल बल्ब तथा साइन बोर्ड में लगे बल्ब जल गए। गलियों के लगी स्ट्रीट लाइटें भी खराब हो गई हैं। संदीप ने बताया कि उनके घर में लगी लाइटें भी जल गई हैं और घर में लगे विद्युत मीटर में भी धुंआ निकला। क्षेत्र में कई अन्य लोगों ने भी विद्युत उपकरण जलने की शिकायत की है। लोगों ने विभाग से मांग की कि उनके घरों में हुए नुकसान की भरपाई की जाए।
इस संबंध में विद्युत बोर्ड के एसडीओ डीएस चौहान का कहना है कि तकनीकी खामी के चलते समस्या पेश आई है, जिसे ठीक किया जा रहा है।
