
नाहन (सिरमौर)। जिला और राज्य की महत्वपूर्ण रेणुका झील के सौंदर्यीकरण को लेकर वन विभाग ने अपने कर्मचारियों को सख्त आदेश दिए हैं। कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वे रेणुका झील की सुंदरता को बनाए रखने का प्रयास करें। विशेष कर यहां पहुंचने वाले पर्यटकों तथा आगंतुकों से झील के आसपास तथा नजदीकी इलाकों में प्लास्टिक की बोतलें तथा कूड़ा-कचरा न फेंकने का आग्रह करें। हालांकि, जिले की एकमात्र वैटलैंड धरोहर रेणुका झील को विभाग पर्यटकों के लिए सुरक्षित तथा मनमोहक स्थान बनाना चाहता है, लेकिन कुछ पर्यटकों और श्रद्धालुओं की कोताही के कारण झील की सुंदरता को बनाए रखने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जिसे लेकर विभाग अब सख्ती बरतने की तैयारी में है। सोलन-सिरमौर वन वृत्त के अरण्यपाल आरके गुप्ता ने नए आदेशों की पुष्टि करते हुए कहा कि रेणुका क्षेत्र वैटलैंड है। इसकी सुरक्षा तथा जागरूकता के बारे में विभाग तत्पर रहेगा।
