
वेटिकन: पोप फ्रांसिस ने स्वीकार किया है कि वेटिकन प्रशासन यानी क्युरिया में भ्रष्टाचार के अलावा समलैंगिकों की लॉबी भी है। समाचार एजेंसी एकेआई के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘हमें यह देखना है कि हम क्या कर सकते हैं।’ पोप ने कहा, ‘हां, यह कठिन है। यहां कई पवित्र लोग भी हैं, वाकई में, यहां पवित्र लोग हैं। लेकिन यहां भ्रष्टाचार भी है, यहां भ्रष्टाचार है, यह सच है, यहां समलैंगिकों की लॉबी भी है, हां यह सच है, यह यहां है, हमें यथासम्भव इसे ठीक करने की जरूरत है।’
उन्होंने हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया कि वह इसके लिए क्या करेंगे। फ्रांसिस ने यह बयान लैटिन अमेरिका एंड कैरिबियन कन्फेडरेशन ऑफ रिलिजियस मेन एंड वूमेन (सीएलएआर) के सदस्यों के साथ औपचारिक बातचीत के दौरान दिया। उन्होंने कैथोलिक गिरिजाघरों के प्रशासन में सुधार के लिए भी अपना समर्थन दिया।
फ्रांसिस ने कहा कि वेटिकन प्रशासन में सुधार की मांग लगभग सभी कार्डिनलों और उन्होंने भी किया है। इससे पहले पिछले साल फरवरी महीने में वेटिकन ने इटली की मीडिया को उस खबर पर फटकार लगाई थी, जिसमें पूर्व पोप बेनेडिक्ट 16वें द्वारा अधिकृत एक गोपनीय रपट के हवाले से वेटिकन प्रशासन में समलैंगिकों की शक्तिशाली लॉबी होने की बात कही गई थी।
