वीरभद्र पर लगाए आरोप निराधार : मिश्रा

मनाली। एपीएमसी कुल्लू और लाहौल-स्पीति के चेयरमैन यूपेंद्र कांत मिश्रा ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को गलत और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का षड्यंत्र है और जानबूझ कर मुख्यमंत्री को फंसाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, अनुराग ठाकुर तथा अन्य भाजपा नेता वीरभद्र सिंह पर कई आरोप लगा चुके हैं। लेकिन, वह इन सभी आरोपों से पाक साफ निकले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री यदुरप्पा को फिर से पार्टी में शामिल कर दिखा दिया कि बीजेपी की करनी और कथनी में कितना अंतर है। उन्होंने कहा कि यदुरप्पा को शामिल करने से भाजपा ने भ्रष्टाचार को खत्म करने के बजाय बढ़ावा दिया है। कहा कि आगामी दिनों अनुराग ठाकुर जब भी कुल्लू आएंगे, कांग्रेस उनका काले झंडों के साथ घेराव करेगी। अनुराग सहित भाजपा नेताओं को दूसरों पर इस तरह के आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। अनुराग जहां क्रिकेट के नाम पर सरकारी संपत्ति को हड़पने की कोशिश कर रहे थे, वहीं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसका पर्दाफाश किया है। ऐसे में अब धूमल और अनुराग बदले की भावना से षड्यंत्र के तहत मुख्यमंत्री तथा प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।

Related posts