
शिमला। वीक एंड पर पहाड़ों की रानी शिमला में सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। होटलों में आक्यूपेंसी 80 फीसदी तक पहुंच गई है। पार्किंगें पैक हो चुकी हैं। जगह न मिलने पर मुख्य सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं, जिससे जाम की समस्या आम हो गई है। शनिवार को मालरोड व रिज मैदान पर सैलानियों की खासी भीड़ जुटी। टॉय ट्रेन, बसों, टैक्सियों व निजी कारों से सैलानी शिमला पहुंच रहे हैं।
दिल्ली-शिमला के बीच स्पेशल वोल्वो
सैलानियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने दिल्ली और शिमला के बीच स्पेशल वोल्वो बस सेवा शुरू की है। स्पेशल वोल्वो बस का शिमला और दिल्ली से रवानगी का समय रात साढ़े नौ बजे है। शिमला से दिल्ली लौटने के लिए सैलानियों की भीड़ के चलते शनिवार को स्पेशल वोल्वो की सभी सीटें शाम छह बजे तक बुक हो चुकी थीं।
मनमर्जी से बढ़ा दिए पार्किंग के दाम
शहर में सैलानियों की आमद बढ़ते ही पार्किंग संचालको ने मनमाने तरीके से पार्किंग के रेट बढ़ा दिए हैं। बाहरी राज्यों की गाड़ियाें से पार्किंग की एवज में तय रेट के मुकाबले पांच गुना अधिक वसूली की जा रही है। पार्किंग संचालक सैलानियों से खुले आम अवैध वसूली कर रहे हैं और नगर निगम खामोश है। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग भी सैलानियों से हो रही लूट खसोट को लेकर अंजान बने हुए हैं।
दो डिग्री लुढ़का हिल्सक्वीन का पारा
हिल्सक्वीन शिमला के पारे में दो डिग्री की कमी आई है। तापमान में गिरावट से शहर के लोगों व सैलानियों ने राहत की सांस ली है। शनिवार दोपहर बाद आसमान में बादल छाने व रुक रुक कर ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री था, जो शनिवार को घटकर 28.5 डिग्री पहुंच गया।
———————–
फलों की कीमतों में उछाल, केला अस्सी रुपये दर्जन
गर्मी बढ़ने से शहर में फलों की डिमांड में इजाफा हुआ है। डिमांड बढ़ते ही फलों की कीमतों में एकाएक भारी उछाल आया है। पिछले हफ्ते चालीस रुपये दर्जन बिक रहे केले के दाम दुगने होकर अस्सी रुपये प्रति दर्जन पहुंच गए हैं। लीची अस्सी रुपये किलो व अनार सौ से एक सौ साठ रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा है। हालांकि तरबूज व खरबूजा बीस रुपये प्रति किलो की दर पर बाजार में उपलब्ध हैं।
