वीके सिंह को जोड़ने की भाजपा की तैयारी

रेवाड़ी। भाजपा अब कई पूर्व सेनाध्यक्षों और बड़े सैन्य अधिकारियों को अपने मंच पर लाकर प्रदेश के लाखों फौजियों को वोट में बदलने की तैयारी में जुटी है। इसके लिए मौका चुना गया है 15 सितंबर को रेवाड़ी के राव तुलाराम पार्क में आयोजित होने वाली पूर्व सैनिक रैली का। इस रैली को भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले अहीरवाल क्षेत्र के रेवाड़ी शहर को पूर्व सैनिक रैली के लिए चुना गया है। सेवानिवृत्त जनरल वीके सिंह, वीके कौशिक, राजेश कादियान सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से रैली में शिरकत करने के लिए संपर्क किया जा रहा है। शर्मा ने पूर्व सैनिक रैली के लिए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता कैप्टन अभिमन्यु को संयोजक और पूर्व सांसद डा. सुधा यादव को सह संयोजक बनाया है। उन्होंने कहा कि रैली की सफलता के लिए 25 अगस्त को यादव समारोह स्थल में प्रदेश के गुड़गांव, महेंद्रगढ़, भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, हिसार और रोहतक संसदीय क्षेत्रों के प्रमुख कार्यकर्त्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर कैप्टन अभिमन्यु, डा. सुधा यादव, प्रदेश सहप्रभारी डा. अनिल जैन, प्रदेश महामंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश प्रवक्ता वीरकुमार यादव, पूर्व मंत्री राव नरवीर सिंह, जिला प्रभारी गार्गी कक्कड़, जिला अध्यक्ष सतीश खोला, भाजपा के जिला प्रवक्ता यशवंत शर्मा और हजकां के जिला अध्यक्ष राजेंद्र ठेकेदार सहित जिला भाजपा नेता मौजूद थे।

Related posts