
सरकाघाट (मंडी)। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए आबकारी एवं कराधान विभाग सतर्क हो गया है। शनिवार को सरकाघाट में विभाग ने टैक्स भुगतान किए बिना लाखों के सामान को कब्जे में लिया है। मौके पर ही विभाग ने 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
विभाग के एक दल ने अधिकारी अनिल सोनी की अगुवाई में नाके के दौरान व्यापारियों पर यह कार्रवाई की। विभागीय दल ने पाड़च्छू तथा बरच्छवाड़ में नाका लगा रखा था। इस दौरान बाहर से लाखाे का माल ला रहे ट्रकों और अन्य वाहनों की जब पड़ताल की गई तो व्यापारियों की ओर से टैक्स अदा न करने के कई मामले सामने आए। विभागीय अधिकाररियों ने मौके पर ही चालीस हजार का जुर्माना वसूल किया। विभागीय टीम में विनोद कुमार एवं तेग सिंह भी मौजूद रहे। हैरत की बात यह है कि बिना टैक्स अदा किए गए बिलों पर भी प्रदेश सरकार द्वारा सीमा पर स्थापित बैरियराे की मोहर और क्लीयरेंस मिली है। इधर, आबकारी एवं कराधान अधिकारी अनिल सोनी ने पुष्टि करते हुए बताया कि टैक्स चोरों को कतई बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ग्राहकों से भी आग्रह किया है कि सामान खरीदते समय कैश मेमो अथवा बिल अवश्य लें।
