
हमीरपुर। जिला परिषद हमीरपुर की बैठक अध्यक्ष सरला शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन की ओर से एडीसी एचएस चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में 13वें वित्त आयोग से जारी अनुदान राशि की कार्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। गत बैठक में पूछे गए सवालों और समस्याओं का हल सही से न होने पर सदस्य उखड़ गए। सदस्य अधिकारियों के रवैये से असंतुष्ट नजर आए। सदस्यों के असंतुष्ट रवैये के कारण अधिकारियों को लताड़ खानी पड़ी। बैठक में संबंधित विभागों केे अध्यक्षों के न पहुंचने पर भी सही से चर्चा नहीं हो पाई। एडीसी ने अगली बैठकों में विभागाध्यक्षों के उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए। जिला परिषद निधि से जारी धन का सही प्रयोग न होने पर सदस्य नाराज दिखे। उन्होंने विभागों को शीघ्र कार्य पूरा कर जवाब देने केे लिए अल्टीमेटम दिया।
सरबजीत की मौत पर दो मिनट का मौन
हमीरपुर। पाकिस्तान में सरबजीत सिंह की मौत होने पर सदस्यों ने शोक जताया। सदस्यों ने कार्रवाई शुरू होने से पहले दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सरबजीत पाकिस्तान जेल में लंबे समय से कैद था। कैदियों के हमले के कारण उसकी अस्पताल मेें मौत हो गई थी।
मनरेगा मजदूर को राहत राशि जारी न होने पर बहस
हमीरपुर। मनरेगा मजदूर की कार्य के दौरान तबीयत खराब होने और बाद में मौत हो जाने के मुद्दे मेें जमकर बहस हुई। सदस्य अरविंद्र कौर रानी ने मजदूर को मुआवजा न मिलने पर रोष जताया। गत बैठक की कार्यवाही में 10 दिन के भीतर रिपोर्ट देने के लिए बीडीओ बिझड़ी को निर्देश जारी हुए थे, लेकिन रिपोर्ट प्रेषित नहीं हुई थी। एडीसी ने डीपीओ डीआरडीओ को मामले में तुरंत हस्तक्षेप करते हुए रिपोर्ट सौंपने को कहा।
जिप निधि के कार्य स्थल पर पट्टिका न लगाने पर विवाद
हमीरपुर। पंचायतों में जिला परिषद निधि से होने वाले विकास कार्य की पट्टिका न लगने पर सदस्यों ने रोष जताया। सदस्यों ने कहा कि पट्टिका लगाने के लिए अलग से धन जारी होता है। ऐसे में पट्टिकाएं क्यों नहीं लगाई जातीं। प्रस्ताव पारित कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करने का अनुमोदन किया गया।
सड़कों और रास्तों के कार्य अधूरे रहने पर सदस्य नाराज
हमीरपुर। वार्डों में अधूरे विकास कार्यों पर सदस्य नाराज दिखे। समय अवधि के भीतर कार्य न होने पर सदस्यों ने रोष जाहिर किया। सदस्य चंदू लाल चौधरी ने कहा कि गांव मझियार की ओर जाने वाली सड़क की खस्ताहाल है। पुरानी बैठक में भी सड़क को पक्का करने का जिक्र हुआ था, लेकिन सड़क के ठीक न होने पर रोष जाहिर किया गया। मझियार स्कूल से बंटेरा तक की सड़क के कच्चा होने पर भी खूब बहस हुई।
खराब हैंडपंपों को ठीक करवाने के निर्देश
हमीरपुर। वार्डों में खराब हैंडपंपों को ठीक करने के लिए आईपीएच को निर्देश दिए गए। सदस्यों ने सूखे पड़े हैंडपंपों को शीघ्र ठीक करने का आग्रह किया।
खंड सुजानपुर में मनरेगा कार्य बंद रहने पर बीडीओ से जवाब तलब
हमीरपुर। सजानपुर खंड में मनरेगा कार्य बंद रहने पर सदस्यों ने विरोध जाहिर किया। सदस्य लेखराज ने पंचायतों में चले हुए विकास कार्योें का हिसाब मांगा। मनरेगा कार्यों की मस्टरोल जारी न होने पर जबाब देने को कहा।
बैठक में उपस्थिति
हमीरपुर। जिला परिषद की बैठक में उपाध्यक्ष चंदू लाल चौधरी, प्रोमिला, अनिल सोनी, जोगिंद्र कुमार, यशवीर पटियाल, अनिल शर्मा, लेखराज ठाकुर, डीआरडीए परियोजना अधिकारी राकेश शर्मा, अरविंद कौर रानी, सरला डोगरा, डीएलओ त्रिलोक सूर्यवंशी, उच्च शिक्षा उपनिदेशक आरसी तबियाल, डीएफएससी लक्ष्मण सिंह कनेट, स्वास्थ्य विभाग से डा. केके शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एनपी सिंह, बीडीओ हमीरपुर सुनील चंदेल सहित अन्य मौजूद रहे।
