
पतलीकूहल (कुल्लू)। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का उपाध्यक्ष बनने पर कुल्लू लौटे लाहौल के विधायक रवि ठाकुर का लाहौल के लोगों ने पतलीकूहल के समीप शुभम कैफे में देवदत्त मदहोश की अगुवाई में जोरदार स्वागत किया। लाहौल की संस्कृति के अनुरूप उन्हें बाकायदा सफेद रंग का रेशमी खतक और फूलों वाली टोपी पहनाई गई। इस बीच देवदत्त मदहोश सहित सभी लोगों ने रवि ठाकुर से लाहौल की पश्चिम की ओर बहने वाली नदी चंद्रा और भागा के संगम पर तांदी में एक सुंदर घाट बनाने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि चंद्रा और भागा का संगम न केवल बौद्ध अनुयायियों के लिए बल्कि हिंदुओं के लिए भी धार्मिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण है। लिहाजा, इस स्थल पर महात्मा बुद्ध के अलावा शिव की मूर्ति की स्थापना भी की जाए। इस मौके पर कटराईं पंचायत प्रधान सतीश चंद और चरादास डोगरा समेत कई लोग मौजूद रहे।
