विधायक के खिलाफ खोला मोर्चा

आनी (कुल्लू)। पैंतीस वर्ष से बन रही आनी-बश्ता सड़क का निर्माण न होने पर ग्रामीण भड़क गए हैं। लोगों ने अब विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जुलाई माह तक सड़क का काम पूरा नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उक्त क्षेत्र सेब बहुल क्षेत्र है लेकिन सड़क न होने के कारण बागवानों को सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि, विधायक ने घोषणा की थी कि बश्ता मेले के उद्घाटन से पहले सड़क तैयार कर ली जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
विधायक खूबराम आनंद ने भी मार्च में सिराज कप क्रिकेट प्रतियोगिता के समय जून में शुरू होने वाले बश्ता मेले से पहले सड़क तैयार करने की बात कही थी लेकिन बश्ता मेला संपन्न भी हो गया। सड़क के उद्घाटन की बात तो दूर सड़क का निर्माण कार्य तक बंद पड़ा है। इस बात को लेकर क्षेत्र के गुड्डू ब्रह्मचारी, एनडी ठाकुर, लाल सिंह, सतपाल ठाकुर, पूर्व प्रधान हेतराम, चमन लाल, रणबीर, सुभाष, हंस राज सहित दो दर्जन लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल आनी में विधायक खूबराम आनंद से मिला और सड़क के निर्माण कार्य को सेब सीजन शुरू होने से पहले जुलाई तक पूरा करने को कहा। उन्होंने विधायक को साफ कर दिया कि अगर सड़क निर्माण जुलाई में पूरा नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर हाेंगे। इधर, इसके बारे में लोनिवि के एक्सईएन अनिल कुमार शर्मा का कहना है कि इस सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार पर कार्य में कोताही बरतने और काम को तय समय में पूरा न करने पर विभाग के उच्च अधिकारियों से ठेकेदार का काम रद करने की अपील की गई है।

Related posts