
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव को लेकर सोमवार को हुई बैठक पर सवाल उठने लगे हैं। बैठक में कांग्रेस पार्टी के दोनों विधायकों ने शिरकत नहीं की। बंजार के विधायक कर्ण सिंह और आनी के विधायक खूब राम आनंद बैठक में नहीं पहुंचे। खूबराम आनंद का कहना है कि उन्हें बैठक के बारे में जानकारी नहीं मिली।
बंजार के विधायक कर्ण सिंह ने कहा कि 2008 में कुल्लू जिला के कोई मंत्री नहीं था। उस समय सांसद को अंतरराष्ट्रीय दशहरा कमेटी का अध्यक्ष बनाया था। इस बार भी मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह को दशहरा कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। सांसद को कमेटी का अध्यक्ष न बनाए जाने पर उन्होंने बैठक का बहिष्कार किया है। वहीं दूसरी ओर आनी के विधायक खूब राम आनंद का कहना है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव को लेकर होने वाली बैठक की कोई सूचना नहीं मिली। वे इन दिनों विधानसभा लोक लेखा समिति के साथ हैं। कहा कि वे विधायक कर्ण सिंह की मांग का समर्थन करते हैं। विधायक खूबराम आनंद ने कहा कि दशहरा कमेटी का अध्यक्ष ऐसे तो जिला का मंत्री होता है। यदि जिला से कोई मंत्री न हो तो स्थानीय सांसद को कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए।
