विद्युत अवर अभियंता पर 25 हजार का जुर्माना

ग्रेटर नोएडा। कलेक्ट्रेट के सभागार में शनिवार को आरटीआई की द्वितीय अपीलों के निस्तारण के लिए शिविर लगाया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्य सूचना आयुक्त रणजीत सिंह पंकज की अध्यक्षता में लगे इस शिविर में 42 मामलों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 28 का निस्तारण किया गया। शेष मामलों की सुनवाई अब 12 सितंबर को होगी।
मुख्य सूचना आयुक्त ने शनिवार सुबह दस बजे से मामलों की सुनवाई शुरू की। इस दौरान उन्होंने एक मामले में अनुपस्थित पाए जाने पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता एमपी शर्मा पर 25 हजार का जुर्माना लगाया। इससे पूर्व भी संबंधित विभाग के अधिकारी को सूचना आयोग ने सुनवाई के लिए पेश होने के निर्देश दिए थे। मुख्य सूचना आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी आरटीआई में प्राप्त होने वाले मामलों में नियमानुसार वादी को समय पर सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें, ताकि उन्हें इस अधिनियम में किसी प्रकार के दंड का भागी न बनना पड़े। शिविर में अपर जिलाधिकारी भगवान सिंह, शिशिर सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात एमपी सिंह, मुमताज अहमद, सुभ्रतकार, शिवदत्त त्यागी, केशव कुमार, महाराज दीन यादव मौजूद थे।

Related posts