विदेश भेजने के नाम पर लुटे युवक

थानाकलां (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के लगभग 18 युवकों के साथ विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवकों ने आस्ट्रेलिया जाने के लिए कथित एजेंट के पास 60-60 हजार रुपये सहित जरूरी दस्तावेज जमा करवाए थे। लेकिन कुछ दिनों के बाद एजेंट बोरिया बिस्तर समेटकर फरार हो गया।
फर्जी एजेंटों का शिकार हो चुके राज कुमार धीमान का कहना है कि कुछ माह पहले पंजाब से संबंधित एक एजेंट ने बंगाणा में आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दुबई, कनाडा, कुवैत भेजने के लिए कार्यालय खोला था। इस फर्जी एजेंट के साथ उपमंडल बंगाणा के भी दो-तीन लोग शामिल थे। स्थानीय लोगों के इस कार्यालय में शामिल होने के कारण 18 युवकों ने आस्ट्रेलिया जाने के लिए उनके पास अपने सभी दस्तावेज और प्रत्येक ने 60-60 हजार रुपये क ी नकद राशि जमा करवा दी। छह महीने का समय बीत जाने के बावजूद उनकी तरफ से कोई उत्तर नहीं आया। उसके बाद पंजाब से संबंधित व्यक्ति अपना बोरिया-बिस्तर समेट कर यहां से फरार हो गया। बड़ी मशक्कत के बावजूद उसके साथ संपर्क साधा गया तो उसने युवकों को पुलिस में एफआईआर न दर्ज करवाने के लिए दबाव बनाया। जान से मार देने की धमकियां भी दीं। उपरोक्त पीड़ितों ने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन से इस प्रकार का गोरखधंधा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। उपमंडल बंगाणा के मानव कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, समाज सेवा समिति के अध्यक्ष डीआर शर्मा समेत क्षेत्र के बुद्धिजीवियों ने प्रशासन एवं प्रदेश सरकार से मांग की है कि भोली भाली जनता को विदेश जाने के नाम पर लुभावने सपने दिखाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उधर, बंगाणा थाना के प्रभारी महेंद्र कुमार का कहना है कि अभी तक किसी भी व्यक्ति ने ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। शिकायत आती है तो दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related posts