
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर पंचायत सुजानपुर में बहुचर्चित टियाले के निर्माण का मसला विजिलेंस तक पहुंच गया है। विजिलेंस ने शिकायत मिलने के पश्चात मामले की जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस ने नगर पंचायत कार्यालय में भी दस्तक दी तथा निर्माण कार्य से संबंधित रिकार्ड मांगा। लेकिन, टीम को संबंधित रिकार्ड उपलब्ध नहीं हो सका है। नपं प्रशासन ने दो दिन में रिकार्ड उपलब्ध करवाने की बात कही है। चर्चित टियाले के निर्माण में 98 हजार रुपये की राशि खर्च की गई है। जबकि, शिकायत के अनुसार निर्माण में काफी कम राशि खर्च हुई है।
नपं क्षेत्र में जैन मार्केट के समीप निर्मित टियाले का मसला ‘अमर उजाला’ ने उठाया था। इसमें नपं ने न ही कोई प्रस्ताव पारित किया है और न ही सरकारी जमीन पर निर्माण के लिए सरकार से कोई अनुमति ली है। इस पर राजस्व विभाग भी कार्रवाई कर रहा है। ‘अमर उजाला’ की ओर से मामला उठाए जाने के बाद नपं ने स्वयं ही टियाले का एक हिस्सा गिरा दिया था तथा अवरोधित रास्ते को चौड़ा कर दिया था। मामले को लेकर विजिलेंस को भी शिकायत पत्र मिला है, जिसमें निर्माण कार्य में अनियमितता की बात कही गई है। इसके आधार पर विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। नपं कार्यालय पहुंचकर चबूतरे का रिकार्ड मांगा गया। लेकिन, विजिलेंस को रिकार्ड मुहैया नहीं हो पाया है। टीम ने दो दिन के भीतर रिकार्ड मुहैया करवाने के आदेश दिए हैं। बताया जा रहा है कि विजीलेंस एमबी में दर्शाए खर्च, मौके पर लगाए गए मैटीरियल की जांच करेगी। विजिलेंस तत्कालीन कनिष्ठ अभियंता से भी पूछताछ करेगी। टीम में उपनिरीक्षक नंदलाल, हवलदार राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, सचिव जगपाल ठाकुर का कहना है कि विजिलेंस विभाग रिकार्ड मांगेगा तो उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
