विक्की बादशाह और अमित धर्मकोटी ने बांध समां

पीरनिगाह (ऊना)। प्रदेश के नंबर वन समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ ने वीरवार को पीर बाबा के दरबार में सजदा करते हुए ‘रहमत पीरां दी’ कार्यक्रम करवाया। कार्यक्रम का आगाज मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। कार्यक्रम के विशेष अतिथि सतपाल रायजादा, पीर निगाह मंदिर कमेटी के प्रधान शाम ठाकुर ने ज्योति जगाकर पीर बाबा के दरबार में हाजिरी भरी।
मुकेश अग्निहोत्री और सतपाल रायजादा ने कार्यक्रम में शिरकत से पूर्व पीर निगाह मंदिर में माथा भी टेका। सूफी गायक विक्की बादशाह और अमित धर्मकोटी ने पीर बाबा के दर सुरीली आवाज से समा बांधा। देर रात तक चले कव्वालियों के दौर में श्रद्धालु एवं अन्य लोग जमकर थिरके। विक्की बादशाह ने जय हो बाबा पीरां दी से कार्यक्रम का शानदार आगाज किया। इसके बाद किसी दी गरीबी दा मजाक नी उड़ाइदा, मेरे साईं बाबा, कुली बिच यार लब लै, दमादम मस्त कलंदर, हीर दीवानी हो गई सोणेया गाकर लोगों को नचाया। इसके बाद सूफी गायक अमित धर्मकोटी ने तेेरे कुर्बां मैं कुर्बां कमली वाले मुहम्मद, फिर शाहे जिलानी पादे खैर मंगती नूं सुनाया, मेरा रुसया यार मनादे, तेरा केड़ा मुल लगदा, महबूब मिट्ठल मन ठारां दी, क्या बात मेरी सरकारां दी.. सुनाया। हंसराज हंस की गाई एक कव्वाली मां नालों बदद् कोई रिश्ता न देखिया पेश कर धर्मकोटी ने तालियां बटोरीं। नुसरत फतेह अली खां की ‘मैं नीमी मेरा मुरशद ऊचा’ को भी दर्शकाें ने खूब पसंद किया। इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विशेष अतिथि सतपाल रायजादा को अमर उजाला की ओर स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया है। इस दौरान मंच का संचालन डा. सुभाष शर्मा ने किया। अपने शायराना अंदाज में डा. शर्मा ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस मौके पर मंदिर कमेटी के प्रधान शाम सिंह ठाकुर, उपप्रधान कर्म चंद धीमान, सदस्य सुरजीत सिंह, कमल देवी, मोहिंदर सिंह, सीमा देवी, पुष्पा देवी, सुमन लता, प्यारो देवी, हरोली से कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह मौजूद रहे।

रायजादा ने बताई सड़क की समस्या
सतपाल रायजादा और पीरनिगाह मंदिर कमेटी के प्रधान ठाकुर श्याम सिंह ने उद्योग मंत्री को कहा कि ऊना से पीरनिगाह रोड की हालत को सुधारा जाए। इस पर उद्योग मंत्री ने लोनिवि के अधिकारियों को तुरंत आदेश देकर सड़क की हालत को सुधारने के लिए कहा। इसके अलावा मैहतपुर ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों ने भी उद्योग मंत्री को समस्याओं से अवगत करवाया। प्रधान श्याम सिंह ने बसौली पंचायत में हुए विकास कार्यों और पीरनिगाह मंदिर में निर्माण कार्य की उद्योग मंत्री को विस्तार से जानकारी दी।

Related posts